-यूएमबी मिसेज इंडिया 2025 की विनर सेहर ओम प्रकाश अमृतसर पहुंचीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साझा किए अनुभव
-फर्स्ट रनरअप गीतांजलि ओम प्रकाश ने कहा— यूएमबी ने आत्मविश्वास और अपनी शख्सियत निखारने का मौका दिया
-मोनिका उप्पल बनीं डायरेक्टर्स चॉइस मिसेज इंडिया 2025, मेहनत को सफलता की कुंजी बताया
अमृतसर-30 दिसंबर- यूएमबी मिसेज इंडिया 2025 की विनर सेहर ओम प्रकाश, फर्स्ट रनरअप गीतांजलि ओम प्रकाश और डायरेक्टर्स चॉइस अवॉर्ड विजेता मोनिका उप्पल अवॉर्ड जीतने के बाद अमृतसर पहुंचीं। इस मौके पर अमृतसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया, जहां उन्होंने मीडिया के साथ अपने अनुभव साझा किए।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मिसेज सेहर ओम प्रकाश ने बताया कि यूएमबी एलाइट मिसेज इंडिया 2025 के दौरान विभिन्न स्तरों की प्रतियोगिताएं करवाई गईं, जिनमें फाइनल राउंड के दौरान प्रश्न-उत्तर सत्र भी शामिल था। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में उनके साथ उनकी माता जी और सास जी ने भी भाग लिया, जो उनके लिए बेहद गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि यूएमबी प्लेटफॉर्म से उन्हें भरपूर प्यार, सहयोग और आत्मविश्वास मिला।
फर्स्ट रनरअप रहीं गीतांजलि ओम प्रकाश ने कहा कि इस प्रतियोगिता में उनकी बहू और उसकी मां ने भी हिस्सा लिया, जिसे यूएमबी टीम ने खूब सराहा। उन्होंने कहा कि एक उम्र के बाद अक्सर महिलाओं को लगता है कि उनकी सुंदरता कम हो जाती है, लेकिन यूएमबी की ट्रेनिंग ने उनके भीतर नया आत्मविश्वास भर दिया। आज वह खुद को पहले से कहीं ज्यादा आत्मविश्वासी महसूस कर रही हैं।
इस दौरान डायरेक्टर्स चॉइस मिसेज इंडिया 2025 बनीं मोनिका उप्पल ने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की है। उन्होंने कहा कि जीवन में बिना मेहनत के किसी भी कार्य का फल नहीं मिलता। उन्होंने बेटियों और सास-बहू के रिश्तों को मजबूत बनाने का संदेश देते हुए कहा कि सास के भीतर भी एक मां होती है और आपसी समझ से पारिवारिक रिश्ते और भी मधुर बनाए जा सकते हैं।
